पूरनपुर के पांचों मंडलों में लेखराज भारती ने कार्यकर्ताओं को बांटे दीपावली के उपहार
कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की मजबूती का दिया संदेश, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ साझा कीं खुशियां

पूरनपुर के पांचों मंडलों में लेखराज भारती ने कार्यकर्ताओं को बांटे दीपावली के उपहार
कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की मजबूती का दिया संदेश, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ साझा कीं खुशियां
मीनू बरकाती
पूरनपुर/पीलीभीत। दीपावली के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष लेखराज भारती ने पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडलों के कार्यकर्ताओं के साथ त्योहार की खुशियां साझा कर संगठन में आपसी प्रेम, विश्वास और समर्पण का संदेश दिया। इस दौरान बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों,मंडल पदाधिकारियों और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को दीपावली के उपहार एवं मिष्ठान वितरित कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।कार्यक्रम का आयोजन कजरी निरंजनपुर स्थित पंडित राजेंद्र प्रसाद स्मारक ऑफ फार्मेसी में किया गया। यहां पहुंचे कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत किया गया। दीपावली के उपहार पाकर कार्यकर्ताओं के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल त्योहार की शुभकामनाएं देना ही नहीं, बल्कि संगठन के लिए लगातार मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान और अपनत्व प्रकट करना भी रहा।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष लेखराज भारती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी मजबूती के पीछे करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं का परिश्रम है। बूथ अध्यक्ष से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनका सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़ा होना तथा उनके योगदान को पहचान देना ही सच्चे संगठनात्मक संस्कार हैं।उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति पद या प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के आपसी विश्वास, निष्ठा और समर्पण से बनती है। जब कार्यकर्ता स्वयं को संगठन का अभिन्न हिस्सा महसूस करता है तो उसकी ऊर्जा और उत्साह कई गुना बढ़ जाता है। दीपावली जैसे पर्व आपसी भाईचारे और आत्मीयता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में मेडिकेयर हॉस्पिटल के एमडी अमित मिश्रा, सुल्तानपुर मंडल अध्यक्ष मनोज वर्मा, रामनगर शारदापार मंडल अध्यक्ष विजय सिंह, जिला कार्यसमिति सदस्य अमित मिश्रा, गन्ना सहकारी समिति के अध्यक्ष नितिन दीक्षित सहित पांचों मंडलों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




