श्रा राम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन में मर्यादा, संस्कार और अच्छा आचरण का माध्यम: योगी आदित्यनाथ

राम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन में मर्यादा, संस्कार और अच्छा आचरण का माध्यम: योगी आदित्यनाथ
आज राम भक्तों पर लाठियां-गोलियां नहीं, बरसते हैं फूल: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक गिनाईं उपलब्धियां, बोले- राम भक्तों की सरकार में बदली तस्वीर
पीलीभीत। बीसलपुर के नूरानपुर स्थित गौ रक्षा पीठ शंकर जी विराजमान आश्रम में मंगलवार को आयोजित श्रीराम कथा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के आयोजक महंत हनुमान दास जी महाराज के साथ मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने संतों का आशीर्वाद लिया और शांतिनाथ की स्मृति में आयोजित कथा को आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया।अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम, पवनपुत्र हनुमान, वृंदावन बिहारी लाल और भारत माता के जयकारों से की। उन्होंने कथा व्यास संत अंजनी शरण जी, मिथलेश नाथ जी महाराज, अयोध्या धाम के हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास जी सहित उपस्थित संतों का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की पहचान उसकी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से है। दुनिया के तमाम देशों की अपनी विशेषताएं और चुनौतियां हैं, लेकिन भारत की सांस्कृतिक विरासत हजारों वर्षों से लोगों को जोड़ती आ रही है। श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा हो या रामकथा, इनके आयोजन के पीछे सदियों पुरानी परंपरा है। आज भी देश ही नहीं, दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जहां सनातन धर्म के अनुयायी रहते हैं, वहां श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ इन कथाओं को सुनने पहुंचते हैं।उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में फसल कटने के बाद नवरात्र से गांव-गांव रामलीला और धार्मिक आयोजनों की परंपरा शुरू हो जाती है। गोस्वामी तुलसीदास ने रामलीला की परंपरा को नई पहचान दी। गांवों के लोग ही कलाकार बनकर इसमें भागीदारी करते हैं। पंडित राधेश्याम रामायण के संवादों ने रामलीला की प्रस्तुति को नई ऊंचाई दी है। घरों में अखंड रामायण का पाठ भी हमारी इसी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है।मुख्यमंत्री ने अयोध्या के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि सैकड़ों वर्षों तक देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा रहा। राम जन्मभूमि मुक्ति के लिए रामभक्तों ने संघर्ष किया और बलिदान दिए। उन्होंने कहा कि दो नवंबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उस समय अयोध्या में जय श्रीराम बोलने और रामभक्तों के आने पर भी प्रतिबंध था। बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, संकरी गलियां, गंदगी और अव्यवस्थाएं थीं। रेलवे की सिंगल लाइन और खराब सड़कों के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर सड़क, रेल और हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और प्रमुख पर्वों पर यह संख्या लाखों तक पहुंच जाती है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां चलती थीं, आज उन्हीं रामभक्तों पर पुष्पवर्षा होती है। अब उनका स्वागत किया जाता है, सुरक्षा दी जाती है और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि जब रामभक्तों की सरकार आती है तो रामभक्तों की आस्था का सम्मान भी होता है और उनके लिए व्यवस्थाएं भी की जाती हैं।मुख्यमंत्री ने कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से मन में सकारात्मक भाव पैदा होते हैं और नकारात्मकता दूर होती है। रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादा, संस्कार और अच्छे आचरण की दिशा देने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों में भागीदारी से समाज में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मकता का विस्तार होता है।कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख, संजय गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ दलजीत कौर, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद, भाजपा नेता डाक्टर गुरभाग सिंह, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अतिन्दर पाल सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
@Shailendra Sharma Vyast….




