
बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक की मौत, दो गंभीर घायल
पूरनपुर,पीलीभीत। दो बाइकों की आमने-सामने की भिडन्त में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।थाना घुंघचिहाई क्षेत्र के गांव लुकटिहाई के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार जिला शाहजहांपुर के अंतर्गत आने वाले पुवायां थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी रामनाथ (45) पुत्र छविनाथ अपने भाई अवधेश के साथ बाइक से पूरनपुर की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घुंघचिहाई थाना क्षेत्र के गांव लुकटिहाई निवासी राजू पुत्र प्रमोद खेत से बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। गांव के पास पहुंचते ही दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रामनाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि अवधेश और राजू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।



