कपड़ा सुखाने के विवाद में चली गोलियां, महिलाएं-बच्चा समेत कई घायल, तीन गिरफ्तार

कपड़ा सुखाने के विवाद में चली गोलियां, महिलाएं-बच्चा समेत कई घायल, तीन गिरफ्तार
कुंवरपुर गांव में दो पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद चली गोली, घायलों को जिला अस्पताल रेफर
पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर में सोमवार देर रात पार्क में कपड़ा सुखाने को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुरानी रंजिश के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी शस्त्र से फायरिंग कर दी गई। गोलीबारी और मारपीट में महिलाएं और एक मासूम बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार गांव निवासी बाबूराम पार्क में कपड़े सुखा रहे थे। इसी बात को लेकर पड़ोसी पक्ष से विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग लाइसेंसी शस्त्र और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान कई लोगों को छर्रे लगे, जबकि मारपीट में भी लोग घायल हुए।घटना में दिनेश, उसकी पत्नी प्रीति, मासूम बेटा, पड़ोस की रहने वाली अंजली सहित कई लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधोटांडा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।सूचना मिलते ही माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दो पड़ोसियों के बीच कपड़ा सुखाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी शस्त्र से फायरिंग की गई, जिसमें कुछ लोगों को छर्रे लगे हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



