रिश्वत नहीं दी तो लिस्ट से काट दिया आवास! प्रधान-सचिव की प्रधानमंत्री से शिकायत
आवास योजना में रिश्वत मांगने का आरोप, प्रधानमंत्री को भेजी शिकायत

रिश्वत नहीं दी तो लिस्ट से काट दिया आवास! प्रधान-सचिव की प्रधानमंत्री से शिकायत
आवास योजना में रिश्वत मांगने का आरोप, प्रधानमंत्री को भेजी शिकायत
पीलीभीत। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितता और रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के एक ग्रामीण ने प्रधानमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव पर आवास योजना में पात्रता सूची से नाम हटाने तथा रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।शिकायतकर्ता जसवंत कुमार निवासी ग्राम पंचायत हरीपुर फुलहर विकासखंड पूरनपुर, तहसील कलीनगर ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था, लेकिन जांच के बाद उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया। उनका कहना है कि जब उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव से इसका कारण पूछा तो उनसे 5,000 रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम सभा में कई ऐसे लोगों के नाम आवास पात्रता सूची में शामिल कर दिए गए, जो योजना के लिए पात्र नहीं हैं। आरोप है कि इन लोगों से धनराशि लेकर उनके नाम सूची में दर्ज किए गए, जबकि वास्तविक पात्रों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।प्रधानमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनका नाम पात्रता सूची में शामिल करने, अपात्र लोगों के नाम हटाने तथा दोषी पाए जाने पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



