Welcome to Samachar Bharat 24   Click to listen highlighted text! Welcome to Samachar Bharat 24
क्राइमटॉप न्यूज़यूपीराज्यलोकल न्यूज़

मासूम बच्चों को बेचने और विधवा महिला की जबरन दूसरी शादी कराने का आरोप

रिश्तेदारी की दहलीज से उठे सवाल, दो मासूमों को लेकर परिजनों में बेचैनी

पुलिस को तहरीर देकर की गई कार्रवाई की मांग

पूरनपुर,पीलीभीत।रिश्तेदारी में मेहमान बनकर गई एक विधवा महिला को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महिला के परिजनों ने उसके रिश्तेदारों पर जबरन दूसरी शादी कराने और दो मासूम बच्चों को बेचने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के थाना बंडा क्षेत्र के ग्राम कुलुमजुझारपुर निवासी बिल्लू सिंह ने पूरनपुर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसके छोटे भाई श्यामू सिंह की करीब एक वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मृतक अपने पीछे पत्नी खुशबू और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया था। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। भाई की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी भी परिजनों पर आ गई थी। आरोप है कि खुशबू के रिश्तेदार पूरनपुर की पंकज कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने खुशबू को मेहमानी के लिए अपने घर बुलाया था। बताया गया कि 6 मई 2026 को खुशबू अपने दो बच्चों के साथ उनके घर गई थी। कई दिनों तक कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने संपर्क करने का प्रयास किया।पीड़ित के मुताबिक 20 मई को फोन कर खुशबू और बच्चों को वापस भेजने की बात कही गई तो सामने से बताया गया कि खुशबू और बच्चे वहां से जा चुके हैं। हालांकि बाद में मिली जानकारी के आधार पर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि खुशबू के साथ कथित रूप से मारपीट की गई और उसकी दूसरी जगह शादी करा दी गई। साथ ही दो मासूम बच्चों को किसी के हाथ बेच देने की आशंका भी जताई गई है।पीड़ित परिवार का कहना है कि मामले की जानकारी लेने और पूछताछ करने पर संबंधित लोग स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। मामले को लेकर परिजनों में बेचैनी का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने और बच्चों की तलाश कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!