पीलीभीत में भारी बारिश का कहर, 21 जुलाई को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद, BSA ने जारी किया आदेश

पूरनपुर, पीलीभीत:
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और स्कूलों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह द्वारा जारी एक आधिकारिक कार्यालय आदेश के अनुसार, जनपद के सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त, परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और सहायता प्राप्त विद्यालयों में 21 जुलाई 2026 को अवकाश घोषित कर दिया गया है।
यह आदेश कक्षा 01 से लेकर 08 तक के सभी स्कूलों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली दिक्कतों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे कल स्कूल न जाएं और सुरक्षित रहें।




