मरौरी ब्लॉक प्रमुख ने चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओ की जानकारी देकर खराब फसलों पर मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन

मरौरी ब्लॉक प्रमुख ने चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओ की जानकारी देकर खराब फसलों पर मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन
पीलीभीत। विकासखंड मरौरी की ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा ने ग्राम पुरवा भूड़ा पहुंचकर ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं ब्लॉक प्रमुख के समक्ष रखीं। सभ्यता देवी वर्मा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के समाधान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए तथा ग्रामीणों को समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।इस दौरान क्षेत्र में लगातार हुई बारिश से किसानों की खराब हुई फसलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि बारिश से प्रभावित फसलों का सर्वे कराया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा की सक्रियता और गांव-गांव पहुंचकर सीधे जनता से संवाद करने की कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने भी चौपाल के माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचने पर संतोष व्यक्त किया।




