Uncategorized

पांच महीने का इंतजार खत्म, वन मंत्री ने विधायकों और अफसरों संग हवन-पूजन के साथ पर्यटन सत्र का किया शुभारंभ

पांच महीने का इंतजार खत्म, वन मंत्री ने विधायकों और अफसरों संग हवन-पूजन के साथ पर्यटन सत्र का किया शुभारंभ

पीलीभीत। तराई के घने जंगलों के बीच प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत नजारा पेश करने वाला पीलीभीत टाइगर रिजर्व का प्रसिद्ध चूका पिकनिक स्पॉट आखिरकार सैलानियों के लिए खोल दिया गया। करीब पांच महीने से नए पर्यटन सत्र के शुरू होने का इंतजार कर रहे वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के चेहरे शुक्रवार को खिल उठे। वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने हवन-पूजन के साथ पर्यटन सत्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीसलपुर विधायक विवेक कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह वन एवं वन्य जीव प्रभारी भरत कुमार डीके सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अफसर भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर सफारी वाहनों को जंगल भ्रमण के लिए रवाना किया। नए पर्यटन सत्र में पर्यटकों को पहले से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। चूका स्पॉट की हटों की मरम्मत के साथ उनकी रंगाई-पुताई कर नया स्वरूप दिया गया है। इससे यहां पहुंचने वाले सैलानियों को प्राकृतिक वातावरण के बीच ठहरने और सुकून के पल बिताने का बेहतर अनुभव मिल सकेगा।इस बार पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र शारदा सागर डैम में नौकायन के लिए तैयार की गई नई जेटी भी है। फाइबर से बनी तैरने वाली इस संरचना के माध्यम से पर्यटकों को नौकायन का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। डैम का शांत पानी, चारों ओर फैली हरियाली और जंगलों के बीच डूबते सूरज का मनमोहक दृश्य चूका की खूबसूरती को और खास बनाता है।उद्घाटन के पहले दिन ही बड़ी संख्या में पर्यटक चूका बीच पहुंचे। कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी यहां पहुंचकर प्राकृतिक वातावरण और पर्यटन स्थल का आनंद लिया। पहले दिन सैकड़ों सैलानियों की मौजूदगी से पर्यटन स्थल पर रौनक दिखाई दी। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी मनीष कुमार ने उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित कर नए पर्यटन सत्र की खुशियां साझा कीं।पीलीभीत टाइगर रिजर्व का चूका बीच देश के प्रमुख ईको टूरिज्म स्थलों में अपनी अलग पहचान रखता है। महोफ रेंज में स्थित यह पर्यटन स्थल घने जंगलों, वन्यजीवों, पक्षियों की चहचहाहट और प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है। वहीं बराही रेंज का सप्त सरोवर भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां जंगल के बीच बनी हटों में ठहरने का अनुभव सैलानियों को प्रकृति के और करीब ले जाता है।चूका स्पॉट की प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखने के लिए वन विभाग ने पर्यटकों के लिए कुछ नियम भी निर्धारित किए हैं। यहां मांस, शराब और पॉलीथिन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की कार्रवाई की जा सकती है। विभाग का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।पीलीभीत टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों और जैव विविधता की समृद्ध दुनिया पर्यटकों को आकर्षित करती है। यहां 127 से अधिक वन्यजीव प्रजातियों, लगभग 326 पक्षी प्रजातियों और 2100 से अधिक फूलदार पौधों की मौजूदगी क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा को दर्शाती है। चूका पर्यटन स्थल के खुलने से एक बार फिर जिले में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार व कारोबार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!