विद्या मंदिर समेत कई शिक्षण संस्थानों में एक स्वर में सामूहिक रुप से गूंजा ‘वंदे मातरम्, राष्ट्रभावना से सराबोर हुआ पूरनपुर

विद्या मंदिर इंटर कॉलेज समेत कई शिक्षण संस्थानों में एक स्वर में सामूहिक रुप से गूंजा ‘वंदे मातरम्, राष्ट्रभावना से सराबोर हुआ पूरनपुर
पूरनपुर,पीलीभीत। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पूरनपुर क्षेत्र में ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। निर्धारित समय पर विद्यालयों और अन्य स्थानों पर एक साथ ‘वंदे मातरम्’ के स्वर गूंजे तो पूरा वातावरण राष्ट्रभावना से ओतप्रोत नजर आया। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में विधायक बाबूराम पासवान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संजय कुमार मिश्रा सहित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता की। सुबह 11 बजे निर्धारित समय पर सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। पूरनपुर समेत अन्य स्थानों पर भी सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की ओर से अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई थीं। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना रहा। विद्यालयों में सामूहिक गायन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्रीय चेतना में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।




