कलीनगर गौशाला में बदहाली, भूख-प्यास और कीचड़ से तड़पकर कई गायों की मौत का दावा, हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश

कलीनगर। नगर पंचायत कलीनगर की कान्हा गौशाला से बदहाली की रोंगटे खड़े करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। यहां गोवंश भूख, प्यास और कीचड़ के बीच तड़पने को मजबूर हैं, जिसके चलते कई गायों की मौत का दावा किया गया है। गौशाला का मुआयना करने पहुंचे अखिल भारतीय बजरंग वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने वहां की स्थिति देखकर गहरा आक्रोश जताया। मौके पर मृत गायों के शव खुले गड्ढों में पड़े मिले। आरोप है कि लाखों के सरकारी बजट के बावजूद गौशाला में चारा, पानी और साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। तनावपूर्ण स्थिति के बीच नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि को फोन कर बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके करीब डेढ़ घंटे तक न पहुंचने से कार्यकर्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया। हिंदू संगठनों ने प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।



