प्रसव के दौरान नवजात की मौत मामले की स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
डिप्टी सीएमओ बोले लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई

प्रसव के दौरान नवजात की मौत मामले की स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
डिप्टी सीएमओ बोले लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
पूरनपुर/पीलीभीत। पूरनपुर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि जांच में यदि चिकित्सीय लापरवाही या अन्य अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित अस्पताल और डॉक्टर के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर खुर्द निवासी अंकित राठौर ने कोतवाली पूरनपुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 16 जुलाई 2026 को सुबह करीब आठ बजे उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी ऋतु को प्रसव के लिए पूरनपुर स्थित कल्पना हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। आरोप है कि डॉक्टरों ने समय पर ऑपरेशन नहीं किया, जिससे शाम करीब चार बजे हुए ऑपरेशन तक काफी देर हो चुकी थी और नवजात मृत पैदा हुआ।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान उसकी पत्नी को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन दो बार लगाया गया। अस्पताल प्रबंधन ने पहले 20 हजार रुपये जमा कराए और बाद में 24 हजार रुपये अतिरिक्त जमा कराने का दबाव बनाया। रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने और महिला को अस्पताल से छुट्टी न देकर जबरन रोके रखने का भी आरोप लगाया गया है।मामले में पीड़ित ने अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।डिप्टी सीएमओ डॉ. लेखराज ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। यदि जांच में अस्पताल या डॉक्टर की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



