केले की खेती देखने गए मुंशी प्रसाद पर बाघ का हमला, मौत के बाद रामनगर तिराहे पर शव रखकर जाम

केले की खेती देखने गए मुंशी प्रसाद पर बाघ का हमला, मौत के बाद रामनगर तिराहे पर शव रखकर जाम
पूरनपुर/पीलीभीत। केले की खेती देखने गए एक ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान शांतिनगर निवासी मुंशी प्रसाद, पुत्र चौथी प्रसाद के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि मुंशी प्रसाद शुक्रवार को अपनी केले की खेती देखने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।मृतक के परिजनों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश देखने को मिला। परिजनों के मुताबिक घटना की जानकारी रेंज अधिकारी ललित कुमार को फोन के माध्यम से देने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। आरोप है कि घटना के काफी देर बाद तक वन विभाग संपूर्णनगर का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव रामनगर तिराहे पर रखकर सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। लोगों को अपनी फसलों और खेतों में जाने में भी डर लग रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ की निगरानी बढ़ाने, उसे पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की हैपरिजन जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और ठोस आश्वासन देने की मांग पर अड़े हुए हैं। सड़क जाम के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित है और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।




