कांवड़ यात्रा में राहत, माधोटांडा प्रधान नईम अली की अनोखी पहल, हिंसक आवारा पशुओं को रेस्क्यू कर भेजा गौशाला

माधोटांडा (पीलीभीत)। आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत माधोटांडा के प्रधान नईम अली ने एक सराहनीय कदम उठाया है। क्षेत्र में लगातार आतंक का पर्याय बने आवारा और हिंसक पशुओं को रेस्क्यू करवाकर सुरक्षित स्थान परशुरामपुर गौशाला भिजवाया गया है।पिछले कुछ समय से सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशु आए दिन राहगीरों को अपना शिकार बना रहे थे। समाचार पत्रों में लगातार छप रही खबरों के अनुसार, कुछ पशु इतने खतरनाक और आक्रामक हो चुके थे कि वे न केवल लोगों को गंभीर रूप से घायल कर रहे थे, बल्कि किसी अप्रिय घटना जानलेवा हमले का खतरा भी मंडरा रहा था।कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर, ग्राम प्रधान नईम अली ने समाचार पत्रों में आ रही खबरों पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने बिना समय गंवाए विशेष टीम बनाकर सड़कों पर घूम रहे इन हिंसक और छुट्टा पशुओं को सुरक्षित ढंग से पकड़वाया और उन्हें परशुरामपुर गौशाला भिजवाने की व्यवस्था की। ग्राम प्रधान के इस जनहितैषी और साहसिक कदम से न केवल कांवड़ियों को सुरक्षित मार्ग मिलेगा, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों को भी भयमुक्त वातावरण प्राप्त हुआ है।
“सड़कों पर दुर्घटनाओं को रोकना और ग्रामीणों की जान-माल की रक्षा करना हमारी पहली प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक और सुरक्षित संपन्न हो, इसके लिए यह कदम उठाना बेहद जरूरी था।”
— नईम अली (ग्राम प्रधान, माधोटांडा)
प्रधान नईम अली की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में जमकर तारीफ हो रही है तथा लोग उनके इस कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहे हैं।




