राजकीय पालीटेक्निक पूरनपुर में ओरिएंटेशन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ सफल समापन
पूरनपुर। उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा परिषद के दिशानिर्देशानुसार राजकीय पालीटेक्निक पूरनपुर में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम का 13 अगस्त 2026 को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ।
1 अगस्त से प्रारंभ हुए इस 13-दिवसीय कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न व्यावहारिक विषयों से अवगत कराया गया। ओरिएंटेशन के दौरान विद्यार्थियों को शैक्षिक रूपरेखा, संस्थान व तकनीकी विभागों का परिचय, छात्र सहायता सेवाएं, स्वास्थ्य कल्याण व योग, व्यक्तित्व विकास, डिजिटल लर्निंग (यू-राइज पोर्टल), रोजगार के अवसर तथा ओडीओपी एवं उद्यमिता विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर संस्था के प्रधानाचार्य विल्सन एवं समस्त स्टाफ ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा शिक्षा और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। तत्पश्चात प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं विभिन्न रचनात्मक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के TPO व हेड लेक्चरर (इलेक्ट्रिकल) अजय गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंच का सफल संचालन द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों—सौरभ, अशोक, गरिमा और स्वाति ने किया। इस दौरान संस्थान के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




