ट्रेन के नीचे से गुजर रहे राहगीर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा, रेल प्रशासन और जीआरपी बेखबर

ट्रेन के नीचे से गुजर रहे राहगीर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा, रेल प्रशासन और जीआरपी बेखबर
पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित रास्ते का अभाव बना जानलेवा, शिकायतों के बावजूद रेलवे अधिकारी मौन
पूरनपुर,पीलीभीत। पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित रास्ते की उचित व्यवस्था न होने से राहगीरों और यात्रियों की जान खतरे में है। लोग प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों के नीचे से निकलकर दूसरी ओर जाने को मजबूर हैं। यह लापरवाही कभी भी किसी बड़े रेल हादसे का कारण बन सकती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के नीचे से लोगों के गुजरने की तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें एक व्यक्ति अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रेन के नीचे से दूसरी ओर जाता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रेनों के लंबे समय तक खड़े रहने और सुरक्षित निकास की उचित व्यवस्था न होने के कारण राहगीरों को पटरियों के बीच से या ट्रेन के नीचे से रास्ता पार करना पड़ता है। इस जोखिम भरे रास्ते से महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी गुजरने को मजबूर हैं।स्थानीय नागरिकों और यात्रियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर रेलवे अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों की उदासीनता से लोगों में नाराजगी है।लोगों का सवाल है कि क्या रेलवे प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? नागरिकों ने उच्चाधिकारियों से स्टेशन पर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने और ट्रेन के नीचे से गुजरने की मजबूरी खत्म करने की मांग की है।




