भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
पीलीभीत। पूरनपुर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा गुरुवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के वातावरण में निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ काली मंदिर से विधि-विधान के साथ हुआ। रथ यात्रा नगर की विभिन्न गलियों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया।

रथ यात्रा में ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की मधुर धुनों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने भगवान जगन्नाथ के रथ का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर यात्रा की आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। रस्तोगी परिवार की अगुवाई में सभी के सहयोग से निकाली गई इस रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा नगर के प्रमुख मंदिरों में पहुंची, जहां भगवान जगन्नाथ की विधिवत आरती कर सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रथ यात्रा पूरे धार्मिक उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। यात्रा में आलोक रस्तोगी, सुरेश रस्तोगी, महेश रस्तोगी, आकाश रस्तोगी सहित रस्तोगी परिवार के सदस्य और नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी से नगर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।



