आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को तकनीक का तोहफा, केंद्रीय मंत्री ने बांटे 5 जी स्मार्टफोन, पोषण ट्रैकिंग होगी आसान

स्मार्टफोन से लैस होंगी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, पोषण ट्रैकिंग होगी आसान
मंत्री जितिन प्रसाद और संजय सिंह गंगवार ने बांटे स्मार्टफोन, कार्यकत्रियों में खुशी
पीलीभीत। बाल विकास विभाग में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत रविवार को जनपद में स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद और राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं में पारदर्शिता और तकनीकी सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आधुनिक स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर की कार्यकत्रियों के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन खरीदना एक बड़ा मिशन था, जिसे सरकार ने सफलतापूर्वक पूरा किया है।
बताया गया कि वितरित किए गए स्मार्टफोन 5G नेटवर्क और बेहतर कैमरा गुणवत्ता से लैस हैं, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर सहित अन्य ऑनलाइन सेवाओं का कार्य आसानी से कर सकेंगी। अब उन्हें शासकीय कार्यक्रमों की फोटो भेजने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे सीधे परियोजना व जिला स्तरीय अधिकारियों तक जानकारी भेज सकेंगी।जनपद में कुल 1985 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को मोबाइल फोन वितरित किए जाने हैं। कार्यक्रम में विभिन्न परियोजनाओं से चयनित कार्यकत्रियों को मंच पर बुलाकर स्मार्टफोन प्रदान किए गए। इनमें सावित्री देवी, पूनम, चंद्र देवी, राजेश्वरी देवी, ममता देवी, मंजू जैन, सविता, संगीता तथा मुख्य सेविका रुचि शामिल रहीं।इस दौरान जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुड़ी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




