गुमशुदा युवती को ढूंढने गए परिजनों को लाठी-डंडों से पीटा, 6 गंभीर रूप से घायल

कलीनगर, पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कलीनगर पुलिस चौकी के ठीक सामने दबंगों ने जमकर तांडव मचाया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। दरअसल, एक गुमशुदा युवती को तलाशते हुए उसके परिजन कलीनगर निवासी अनुज के घर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने परिजनों पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया और भीड़ ने लाठी-डंडों से युवती के परिजनों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। कलीनगर पुलिस चौकी के ठीक सामने आरोपियों ने महिलाओं और पुरुषों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। भीड़ के जानलेवा हमले में युवती के परिवार के 6 लोग लहूलुहान होकर मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस खूनी संघर्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की मौजूदगी के बावजूद मारपीट साफ देखी जा सकती है। पीड़ित परिवार ने इस पूरी वारदात के बाद कलीनगर पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।



