ग्राम प्रधान नईम अली की उपस्थिति में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी: ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारों से गूंजा इलाका, पुलिस की सतर्कता की हुई सराहना
कैमरे की जूमिंग लिमिट हुई एक्सीड, माधोटांडा में ईद-मिलादुन्नबी पर उमड़ी चाहने वालों की भीड़
पीलीभीत (माधोटांडा): पैगंबर मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (ईद-मिलादुन्नबी) के मुकद्दस मौके पर कस्बे में जुलूस-ए-मोहम्मदी बेहद पुरअमन, अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। इस दौरान पूरा इलाका ‘नारे-तक्बीर अल्लाहु अकबर’ और ‘सरकार की आमद मरहबा’ के रूहानी नारों से गूंज उठा। जुलूस के जरिए पैगंबर साहब के पैगाम-ए-अम्न और भाईचारे को आम किया गया।
त्योहार को लेकर अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखने को मिला। कस्बे की प्रमुख मस्जिदों, चौराहों और गलियों को बेहद खूबसूरत रोशनी और झंडों से सजाया गया था। जुलूस के रास्ते में जगह-जगह अकीदतमंदों के लिए लंगर और तबर्रुक की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी।
जुलूस के दौरान नात-ए-पाक, मनकबत और तकरीर का दौर चलता रहा। इस दौरान उलेमाओं ने हजरत मोहम्मद साहब की सीरत और उनकी जिंदगी की तालीमात पर तफसील से रोशनी डाली। उन्होंने लोगों से पैगंबर साहब के बताए रास्ते पर चलने और इंसानियत व शांति का पैगाम फैलाने की अपील की।
इस बारगाहे-मोहम्मदी में बच्चे, बुजुर्ग और युवा—हर उम्र के लोगों ने बड़ी तादाद में शिरकत की। हजारों की संख्या में पहुंचे चाहने वालों ने अनुशासित तरीके से जुलूस में हिस्सा लेकर आपसी सौहार्द और मोहब्बत की अनूठी मिसाल पेश की।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए माधोटांडा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट नजर आई। थानाध्यक्ष की अगुवाई में पुलिस बल ने जुलूस के पूरे रास्ते पर पैनी नजर बनाए रखी, ताकि किसी भी तरह के खुराफाती तत्व माहौल न बिगाड़ सकें। पुलिस की इस मुस्तैदी, चाक-चौबंद सुरक्षा और सहयोगात्मक रवैये की स्थानीय लोगों और जुलूस आयोजकों ने जमकर सराहना की।



