सरकारी नौकरी और सुन्दर लड़की से शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन का प्रचार करने वाले अनोखे गए जेल

सरकारी नौकरी और सुन्दर लड़की से शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन का प्रचार करने वाले अनोखे गए जेल
पीलीभीत। धर्म परिवर्तन के नाम पर सरकारी नौकरी और सुन्दर लड़की से विवाह का प्रलोभन देने के मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। दूसरे जनपद के आरोपी द्वारा ईसाई धर्म अपनाने पर सरकारी नौकरी और विवाह कराने का झांसा देकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनोखे लाल को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव जोगराजपुर निवासी आरएसएस के मंडल कार्यवाहक गौरव गुप्ता ने बताया कि एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा और बातचीत के दौरान ईसाई धर्म अपनाने पर सरकारी नौकरी दिलाने तथा विवाह कराने जैसी बातें कहने लगा। आरोपी ने स्वयं को धर्म प्रचारक बताते हुए अपना नाम अनोखे लाल बताया। वह क्षेत्र के सीधे-साधे लोगों को अपने झांसे में लेने और धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच उसकी गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद मामला धीरे-धीरे गरमा गया। घटना की जानकारी फैलते ही गांव के कई लोग और कुछ स्थानीय संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों व आरोपी के बीच कहासुनी भी हो गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। इसी बीच मौके पर मौजूद लोगों द्वारा घटना का वीडियो बना लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और मामला और अधिक चर्चा में आ गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। बाद में जोगराजपुर निवासी गौरव गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनोखे लाल निवासी मुरादाबाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




