चाचा के घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

चाचा के घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
पूरनपुर,पीलीभीत। धनाराघाट रोड स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साहूकारा लाइनपार, पूरनपुर देहात निवासी सत्यपाल पुत्र ओमप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र वीर गुप्ता सोमवार रात करीब 9:15 बजे पैदल अपने चाचा सुनील गुप्ता के घर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान कारगिल पेट्रोल पंप के पास पीछे से आई एक सेलेरियो कार के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वीर गुप्ता को टक्कर मार दी। हादसे में वीर गुप्ता के सिर, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना को मौके पर मौजूद कई लोगों ने देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। घायल को पहले सरकारी अस्पताल पूरनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे पीलीभीत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित के पिता ने कोतवाली पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



