खेत पर गए युवक को सांप ने डसा, उपचार से पहले तोड़ा दम

खेत पर गए युवक को सांप ने डसा, उपचार से पहले तोड़ा दम
माधोटांडा,पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी गुलाम मोहम्मद (38) की बुधवार तड़के सांप के डसने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।बताया गया कि गुलाम मोहम्मद सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत पर गए थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने डस लिया। कुछ देर बाद उनका चचेरा भाई बबलू ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचा तो वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूरनपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।गुलाम मोहम्मद की मौत से उनकी मां, पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके पिता गफूर खान का पहले ही निधन हो चुका है, जिसके बाद खेती और परिवार के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी गुलाम मोहम्मद के कंधों पर थी। परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



