देशभक्ति के रंग में रंगा राजकीय पॉलिटेक्निक पूरनपुर: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का समापन
पूरनपुर, पीलीभीत। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पूरनपुर में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का समापन समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। संस्था के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इस आयोजन में भाग लिया।
सप्ताह भर चले इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और ध्वज संहिता की जानकारी दी गई। इसके साथ ही परिसर में कई रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिनमें तिरंगा थीम पर छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं, जिसमें तनु वर्मा, दिव्यांशी शुक्ला, प्रिया पांडेय व सुषमा कुमारी की टीम प्रथम रही। पोस्टर प्रतियोगिता में सिविल तृतीय वर्ष के आयुष शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया।
‘मेरा तिरंगा मेरी शान’ विषय पर निबंध में मैकेनिकल प्रथम वर्ष के विकाश शर्मा और भाषण में इलेक्ट्रिकल द्वितीय वर्ष के अभिषेक कुमार सिंह प्रथम स्थान पर रहे।
क्विज़ में प्रांजल दुबे, अर्पित, कुलदीप व हार्दिक शुक्ला की टीम और वाद-विवाद में आयुष शर्मा विजेता बने।
इसके अलावा तिरंगा यात्रा रैली, मानव श्रृंखला, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, स्वतंत्रता दिवस समारोह, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
17 अगस्त को समापन समारोह के दौरान प्रधानाचार्य ने सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया और कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन व नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम के अंत में संस्था के टीपीओ हेड/प्रवक्ता (इलेक्ट्रिकल) अजय गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।



