पारस मोबाइल वर्ल्ड पर एसआईबी का शिकंजा, 80 करोड़ का कारोबार पर 24 लाख टैक्स और कच्चे बिलों ने बढ़ाई मुश्किलें

80 करोड़ की बिक्री पर सिर्फ 24 लाख टैक्स जमा! पारस मोबाइल वर्ल्ड पर एसआईबी की बड़ी कार्रवाई
एसआईबी टीम को मिले कच्चे बिल, स्टॉक और अभिलेखों की देर रात तक चली जांच
पीलीभीत। पूरनपुर में टैक्स चोरी के खिलाफ राज्य कर की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) टीम बरेली ने पकड़िया चौराहे के पास स्थित पारस मोबाइल वर्ल्ड (काके की दुकान) पर सर्च वारंट के साथ छापेमारी की। जीएसटी की एसआईबी टीम ने दुकान में बिक्री, स्टॉक और टैक्स अदायगी से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बाजार के अन्य व्यापारियों में हड़कंप मच गया। एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दुकान में मौजूद मोबाइल स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिल, जीएसटी रिटर्न और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का मिलान किया। सूत्रों के अनुसार विभाग को लंबे समय से टैक्स हेराफेरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।जांच के दौरान कई कच्चे बिल मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने इन दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिन सामानों के वैध और पक्के बिल प्रस्तुत नहीं किए जा सकेंगे, उन्हें सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।जीएसटी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 80 करोड़ रुपये की बिक्री के मुकाबले मात्र 24 लाख रुपये टैक्स जमा किए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि बिक्री और जमा किए गए टैक्स के आंकड़ों में काफी अंतर दिखाई दे रहा है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद वास्तविक कर देयता और संभावित कर चोरी की स्थिति स्पष्ट होगी।उन्होंने बताया कि कार्रवाई देर रात तक जारी रह सकती है। यदि जांच में अनियमितताएं पाई जाती हैं तो नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी को विभागीय कार्रवाई पर कोई आपत्ति है तो वह नियमानुसार अपील भी कर सकता है।
जीएसटी टीम की अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई व्यापारियों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि पूरे दिन बाजार में इस कार्रवाई की चर्चा होती रही। विभागीय सूत्रों का कहना है कि टैक्स चोरी के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




