हुसैनापुर के खिलाड़ियों ने चौकों-छक्कों की बरसात कर शेरपुर को हराया

हुसैनापुर के खिलाड़ियों ने चौकों-छक्कों की बरसात कर शेरपुर को हराया
बिलहरी पंचायत क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबला,उमड़ी दर्शकों की भीड़
पूरनपुर,पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र की पंचायत बिलहरी में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। यह मैच हुसैनापुर खुर्द और शेरपुर कला की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। शेरपुर कला की टीम के ओपनर बल्लेबाज ने मैच की पहली ही गेंद पर जोरदार छक्का लगाकर शानदार शुरुआत की। बल्लेबाज ने बेहतरीन पारी खेलते हुए कुल 80 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।वहीं दूसरी ओर हुसैनापुर खुर्द की टीम के ओपनर बल्लेबाज प्रवेश शुक्ल ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाज बाबर के पहले ही ओवर में चौकों की हैट्रिक लगाकर मैदान में रोमांच बढ़ा दिया। पूरी टीम ने शानदार तालमेल के साथ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। हुसैनापुर खुर्द की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीन ओवर शेष रहते ही मैच को अपने नाम कर लिया और शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में अमित त्रिवेदी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।मैच के समापन पर दोनों टीमों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में मौजूद ग्राम प्रधान नीरज अग्निहोत्री, शेरपुर के समाजसेवी तथा भट्टा मालिक जैगम खान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया।टूर्नामेंट में ग्रामीण युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है और पूरे क्षेत्र में खेल के प्रति जोश का माहौल बना हुआ है।




