सरल व्यवहार, बेबाक फैसले और जनसरोकारों पर जोर… छाप छोड़ गए ज्ञानेंद्र सिंह

सरल व्यवहार, बेबाक फैसले और जनसरोकारों पर जोर… छाप छोड़ गए ज्ञानेंद्र सिंह
पीलीभीत से बलिया तबादला, आलोक कुमार संभालेंगे जिले की कमान
पीलीभीत। बेहद सरल, सौम्य और गंभीर प्रवृत्ति के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का तबादला होने के बाद उनके कार्यकाल की चर्चा जिले में बनी हुई है। शासन की ओर से सोमवार देर रात जारी तबादला सूची में उनका स्थानांतरण पीलीभीत से बलिया कर दिया गया। वहीं संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार को पीलीभीत का नया डीएम बनाया गया है। ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कार्यकाल प्रशासनिक सक्रियता के साथ ही उनके सहज व्यवहार के लिए भी याद किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों के अलावा अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ संवाद हो या फरियाद लेकर पहुंचने वाले आम लोग, उनकी कार्यशैली में सहजता और गंभीरता दिखाई देती रही। कई मामलों में उन्होंने अधिकारियों को मौके पर कार्रवाई और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।कार्यकाल के दौरान पर्यटन और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर रहा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व को पर्यटन के नक्शे पर और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में भी प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए गए। स्वास्थ्य सेवाओं, सड़कों और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में भी प्रशासन की सक्रियता सामने आती रही। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर भी प्रशासन ने कई स्तरों पर काम किया। गन्ना किसानों के भुगतान की निगरानी से लेकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों तक अधिकारियों को सक्रिय रखा गया। संपूर्ण समाधान दिवस, जनसुनवाई और आईजीआरएस की शिकायतों की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाते रहे।ज्ञानेंद्र सिंह की कार्यशैली में एक खास बात उनकी स्पष्टता रही। प्रशासनिक मामलों में बेबाक तरीके से निर्णय लेने और अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की कोशिशों ने उनके कार्यकाल को अलग पहचान दी। यही वजह है कि तबादले की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे के साथ आम लोगों के बीच भी उनके कार्यकाल को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
अब आलोक कुमार के सामने नई जिम्मेदारी

संतकबीरनगर के जिलाधिकारी रहे आलोक कुमार अब पीलीभीत के नए जिलाधिकारी होंगे। उनके सामने जिले में चल रही विकास योजनाओं को गति देने के साथ कानून-व्यवस्था, जनशिकायतों के निस्तारण, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई की जिम्मेदारी होगी। शासन के आदेश के बाद अब जिले में नए जिलाधिकारी के कार्यभार संभालने को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
Rpt. Shailendra Sharma..




