दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता? जहर देकर हत्या पर परिजनों का हंगामा, मुकदमा दर्ज

दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता? जहर देकर हत्या पर परिजनों का हंगामा, मुकदमा दर्ज
पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पड़रिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और जबरन सल्फास की गोलियां खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने तथा आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम गोपालपुर निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन मालती देवी का विवाह 4 जून 2025 को पड़रिया निवासी विजय कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में पांच लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर मालती को प्रताड़ित करता था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न भी किया जाता था।तहरीर के अनुसार, रविवार सुबह मालती की तबीयत बिगड़ गई। मायके पक्ष का आरोप है कि जेठ, जेठानी, देवर, सास और ससुर ने उसे जबरन सल्फास की गोलियां खिला दीं। गंभीर हालत में उसे पूरनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि उपचार के दौरान मालती ने अपने भाई के सामने ससुरालियों पर जहर खिलाने का आरोप लगाया।घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया प्रथम दृष्टया विषाक्त पदार्थ के सेवन से विवाहिता की मौत की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।



