कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने चुर्रा सकतपुर बॉर्डर का किया निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था,
यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने चुर्रा सकतपुर बॉर्डर का किया निरीक्षण
यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
(कुलदीप मिश्रा)
बीसलपुर/पीलीभीत। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पीलीभीत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बीसलपुर क्षेत्र के चुर्रा सकतपुर स्थित बरेली-पीलीभीत बॉर्डर का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा को लेकर की गई तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, पार्किंग स्थल, पेयजल की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं और कंट्रोल प्वाइंट का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और निर्बाध रूप से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच के साथ ही यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


