Uncategorized

चार साल के आय-व्यय का हिसाब मांगने पर रामलीला कमेटी के विवाद में खूनी संघर्ष, फायरिंग से तीन युवकों की मौत

चार साल के आय-व्यय का हिसाब मांगने पर रामलीला कमेटी के विवाद में खूनी संघर्ष, फायरिंग से तीन युवकों की मौत

एक घायल का बरेली में चल रहा उपचार, मुख्य आरोपी समेत आठ गिरफ्तार

पीलीभीत। अमरिया कस्बे में रामलीला मेले के आयोजन और कमेटी के आय-व्यय का हिसाब मांगने को लेकर हुआ विवाद सोमवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। कस्बे में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट के बाद फायरिंग हुई। गोलीबारी में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घायल का बरेली में उपचार चल रहा है। घटना के बाद कस्बे में तनाव का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, अमरिया कस्बे की रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सूरज गुप्ता सरिया-सीमेंट की दुकान चलाते हैं। कमेटी के सदस्य कौशल गुप्ता की कस्बे में कपड़ों की दुकान है। नौ अक्टूबर को रामलीला कमेटी की बैठक हुई थी। इसमें कौशल गुप्ता ने पिछले करीब चार वर्षों के आय-व्यय का हिसाब मांगा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद चल रहे थे। सोमवार, 12 अक्टूबर की रात आगामी रामलीला मेले की तैयारियों और आयोजन को लेकर भी बैठक हुई थी।बताया गया कि रात करीब साढ़े नौ बजे विद्यालय में आयोजित बैठक से लौटते समय कस्बे में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के घर और दुकानें आसपास होने के कारण विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, इसी दौरान कौशल गुप्ता पक्ष के संतोष गुप्ता ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की। गोलीबारी में अंकित गुप्ता पुत्र नरेश गुप्ता, मोहित गुप्ता पुत्र नरेश गुप्ता और कुणाल श्रीवास्तव पुत्र गुड्डू की मौत हो गई है। घटना में घायल रोज गुप्ता पुत्र प्रदीप गुप्ता का बरेली में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल की स्थिति फिलहाल सुरक्षित बताई गई है। घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है। पीलीभीत एसपी सुकृति माधव मिश्रा ने बताया रामलीला हिसाब को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसी में गोली लगने से तीन की मौत हुई है, एक घायल है। मुख्य आरोपी सहित अन्य को गिरफ्तार किया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।

——–

मुख्य आरोपी समेत आठ गिरफ्तार 

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित गुप्ता, पिता नरेश गुप्ता, चाचा संतोष गुप्ता, संतोष के पुत्र रचित गुप्ता, राकेश अरोड़ा, आशु और विक्की मौर्य को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त संतोष गुप्ता के नाम की लाइसेंसी राइफल, एक अवैध तमंचा, दो कारें और कुछ लाठी-डंडे बरामद किए हैं। पुलिस मामले में मृतकों के परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

———-

डीआईजी, डीएम और एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

तीन युवकों की मौत की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की। बरेली परिक्षेत्र के डीआईजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के बाद कस्बे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!