तेज रफ्तार कार ने छीनी परिवार की खुशियां, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

तेज रफ्तार कार ने छीनी परिवार की खुशियां, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
अमरिया,पीलीभीत। अमरिया कस्बे में शनिवार देर रात सितारगंज नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। कस्बा अमरिया निवासी मुदित गुप्ता (40) शनिवार रात अपने दो बच्चों के साथ सड़क किनारे एक जूस के ठेले के पास खड़े होकर दोस्त आशीष गुप्ता से बातचीत कर रहे थे। तभी सितारगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी दिशा में जाकर ठेले के पास खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मुदित गुप्ता कार में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।गंभीर रूप से घायल मुदित गुप्ता को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी प्रियंका गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मुदित गुप्ता कस्बे में दुकानों पर वाटर कूलर सप्लाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वह अपने पीछे पत्नी प्रियंका गुप्ता, पुत्र सचित गुप्ता तथा पुत्रियां नित्या और आराध्या को छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है।




