रास्ता को लेकर खूनी संघर्ष, घर में घुसकर पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों से हमला

रास्ता को लेकर खूनी संघर्ष, घर में घुसकर पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों से हमला
पूरनपुर,पीलीभीत। थाना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम रूद्रपुर में निकास मार्ग से ईंट, मिट्टी भरे कट्टे और वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बुजुर्ग की हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया है, जहां आईसीसीयू में उपचार चल रहा है। पीड़ित विजय सिंह ने थाना माधौटांडा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के निकास मार्ग पर ईंट, मिट्टी से भरे कट्टे और वाहन खड़े कर रास्ता अवरुद्ध कर रखा था। 24 मई की शाम करीब आठ बजे उनके पिता द्वारिका सिंह ने रास्ते से सामान हटाने की बात कही, जिस पर विवाद शुरू हो गया।आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपित एक राय होकर हाथों में कसी, बांका, लाठी-डंडा और अन्य धारदार हथियार लेकर पहुंच गए। गाली-गलौज के बाद आरोपितों ने हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए द्वारिका सिंह घर के अंदर भागे, लेकिन हमलावर घर में घुस गए और उनके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।बीच-बचाव करने पहुंचे अजय सिंह को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और शरीर पर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया। जाते समय आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति में सुधार न होने पर द्वारिका सिंह को बरेली स्थित रूहेलखंड अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। मामले में थाना माधौटांडा पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



