गोकशी के लिए गाय ले जा रहा हिंदू व्यक्ति को गौरक्षा दल ने पकड़ा
पूरनपुर (पीलीभीत): उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर गोकशी के लिए गाय ले जा रहे एक हिंदू व्यक्ति को गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने रंगे हाथों दबोच लिया। राष्ट्रीय बजरंग दल और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के गौ रक्षा दल को सूचना मिली थी कि बंजरिया क्षेत्र से कुछ हिंदू लोग एक गाय को गेहलुइया में गोकशी के लिए बेचने ले जा रहे हैं। सूचना पर मुस्तैदी दिखाते हुए गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं सूरज ठाकुर, गोपाल ठाकुर व अन्य ने तुरंत घेराबंदी की। टीम ने मौके से गाय को जिंदा और सुरक्षित बचा लिया। साथ ही, गाय बेचने के आरोपी गोपाल नामक हिंदू व्यक्ति को दबोच लिया, जबकि आरोप है कि गाय खरीदने आया कसाई मौका पाकर फरार होने में कामयाब रहा। गौ रक्षा जिला प्रमुख ठाकुर शिवम सिंह भदोरिया ने बताया कि इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर फरार कसाई की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए बंजरिया, मोहनपुर और आसपास के इलाकों के गौ रक्षक दल पूरी तरह सतर्क हैं।


