आतिशबाजी दुकानों पर प्रशासन की सख्ती, सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच

आतिशबाजी दुकानों पर प्रशासन की सख्ती, सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच
पूरनपुर,पीलीभीत। जनपद पीलीभीत में आगामी त्योहारों और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उप जिलाधिकारी पूरनपुर के निर्देशन में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी पूरनपुर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने आतिशबाजी की अस्थायी एवं स्थायी लाइसेंसधारी दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, अग्निशमन विभाग से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), लाइसेंस की शर्तों के अनुपालन, आतिशबाजी के सुरक्षित भंडारण, फायर एक्सटिंग्विशर की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन सुरक्षा इंतजाम तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि आतिशबाजी का भंडारण निर्धारित क्षमता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं।अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी का क्रय-विक्रय केवल शासन के निर्देशों, विस्फोटक अधिनियम एवं लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप ही किया जाए। बिना लाइसेंस अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत किसी भी प्रकार का भंडारण और बिक्री बिल्कुल न की जाए। सभी दुकानदार अपनी दुकानों पर अग्निशमन उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी, लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दोहराया कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



