किराना स्टोर पर एसआईबी की छापेमारी, एक करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी

किराना स्टोर पर एसआईबी की छापेमारी, एक करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी
कागजों में पांच से साढ़े पांच करोड़ का माल, मौके पर मिला महज 20 से 25 लाख का सामान
पीलीभीत। बैंक ऑफ इंडिया के समीप स्थित पंजीकृत फर्म राजू किराना स्टोर पर गुरुवार को राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने छापेमारी की। डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फर्म के अभिलेखों और मौके पर मौजूद सामान की जांच की। शुरुआती जांच में करीब एक करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की आशंका सामने आई है। लखनऊ से जारी सर्च वारंट के आधार पर शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।जांच के दौरान अधिकारियों को अभिलेखों में करीब पांच से साढ़े पांच करोड़ रुपये का सामान दर्शाया मिला, जबकि मौके पर महज 20 से 25 लाख रुपये का सामान ही मौजूद था। जांच में पूरनपुर से किराने का सामान दिल्ली और हरियाणा भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। अभिलेखों में दर्ज माल और मौके पर उपलब्ध स्टॉक के बीच बड़े अंतर को लेकर टीम ने विभिन्न दस्तावेजों की पड़ताल की।बताया गया कि शिकायत मिलने के साथ ही विभागीय सॉफ्टवेयर में जीएसटी संबंधी गड़बड़ी की आशंका के आधार पर कार्रवाई की गई। टीम ने फर्म के कारोबार, माल की खरीद-बिक्री और उससे संबंधित अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी की वास्तविक स्थिति और राजस्व को हुए नुकसान का स्पष्ट आकलन हो सकेगा।छापेमारी के दौरान डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के साथ असिस्टेंट कमिश्नर राहुल कुमार, सीटीओ ताराचंद, मोबाइल टीम के राज्य कर अधिकारी कल्पना और रूपचंद सहित अन्य कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा। देर रात तक जांच जारी थी।डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शिकायत और विभागीय सॉफ्टवेयर में जीएसटी संबंधी गड़बड़ी की आशंका पर छापेमारी की गई है। कागजों में करीब पांच से साढ़े पांच करोड़ रुपये का माल दर्शाया गया, जबकि मौके पर 20 से 25 लाख रुपये का ही सामान मिला। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



