सांसद के प्रयास से पीलीभीत-लखीमपुर को जल्द मिलेगी भुज-बरौनी अमृत भारत की सौगात

सांसद के प्रयास से पीलीभीत-लखीमपुर को जल्द मिलेगी भुज-बरौनी अमृत भारत की सौगात
बरेली और मैलानी में भी ठहराव प्रस्तावित, गुजरात- बिहार के लिए सीधे जुड़ेंगे तराई के यात्री
पीलीभीत। सांसद के प्रयास से तराई के लोगों के लिए लंबी दूरी की रेल यात्रा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भुज (गुजरात) से बरौनी (बिहार) के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी है। प्रस्तावित ट्रेन के ठहराव में पीलीभीत, लखीमपुर, बरेली और मैलानी को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है। ट्रेन के संचालन से पीलीभीत और लखीमपुर समेत तराई क्षेत्र के यात्रियों को गुजरात और बिहार के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद जितिन प्रसाद ने नवंबर 2025 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांग रखी थी। पत्र में लोकसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान लोगों द्वारा अहमदाबाद और गुजरात के अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सेवा की मांग किए जाने का उल्लेख किया गया था।पत्र में कहा गया था कि यदि लालकुआं, मैलानी या कासगंज से अहमदाबाद के लिए ट्रेन संचालित की जाती है तो उसका ठहराव पीलीभीत और पूरनपुर में भी कराया जाए। इसका उद्देश्य पीलीभीत जिले के लोगों को गुजरात के प्रमुख शहरों तक आसान रेल सुविधा उपलब्ध कराना था।अब भुज से बरौनी के बीच प्रस्तावित अमृत भारत एक्सप्रेस के मार्ग में पीलीभीत और लखीमपुर के साथ बरेली और मैलानी के ठहराव की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में उम्मीद बढ़ी है। हालांकि स्थानीय स्टेशनों पर ट्रेन के संचालन की अंतिम तिथि और समय-सारिणी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।




