सड़क पर मौत बनकर दौड़ी बस, ई-रिक्शा सवार एक की गई जान, चार जख्मी

सड़क पर मौत बनकर दौड़ी बस, ई-रिक्शा सवार एक की गई जान, चार जख्मी
पीलीभीत। गुरुवार सुबह तेज रफ्तार बस और ई-रिक्शा की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।जानकारी के अनुसार पूरनपुर के राजीव नगर निवासी महबूब अली ई-रिक्शा से सवारियों को लेकर बलरामपुर की ओर जा रहे थे। घुंघचिहाई के पास उदराह जाने वाले मार्ग के निकट सामने से आ रही बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में घुंघचिहाई थाना क्षेत्र के गांव कटैया निवासी सूरज (40) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बलरामपुर निवासी बाबूराम (55), उनके पौत्र विवेक (13), पौत्री मीनाक्षी (3) तथा ई-रिक्शा चालक महबूब अली भी घायल हो गए।घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि बाबूराम अपने बेटे सुरेंद्र के पास दिल्ली गए हुए थे। गर्मी की छुट्टियां होने पर वह अपने पौत्र और पौत्री के साथ गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। सूरज की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया बस और ई रिक्शा में टक्कर हुई है। इसमें एक की मौत होने की सूचना मिली है। बाकी घायलों का उपचार चल रहा है। बाबूराम की जिला अस्पताल में मौत हो गई।




