जंगली सूअर के शिकार पर शिकंजा, 25 किलो मांस सहित एक गिरफ्तार

जंगली सूअर के शिकार पर शिकंजा, 25 किलो मांस सहित एक गिरफ्तार
छापेमारी से मची भगदड़, 10-12 संदिग्ध मौके से फरार; पांच बाइकें बरामद
पीलीभीत। जंगल में वन्यजीवों के शिकार पर रोक के दावों के बीच गुरुवार शाम पूरनपुर तहसील क्षेत्र के भायपुर गांव में जंगली सूअर के शिकार का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मुर्गी फार्म के पास छापा मारा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टीम ने जंगली सूअर के करीब 25 किलो मांस के साथ एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि मौके पर मौजूद करीब 10 से 12 लोग भाग निकलने में सफल रहे।बताया गया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे वन विभाग को ग्राम भायपुर में मुर्गी फार्म के पास जंगली सूअर के शिकार की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के जयवीर पुत्र नोखे लाल निवासी ग्राम सबलपुर खास को पकड़ लिया गया। मौके से जंगली सूअर का करीब 25 किलो मांस बरामद होने की बात सामने आई है।छापेमारी के दौरान कई लोग मौके से भाग निकले। टीम ने घटनास्थल से पांच मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। बरामद वाहनों के आधार पर फरार लोगों तक पहुंचने की कवायद शुरू कर दी गई है।पकड़े गए आरोपी को वन विभाग के रेंज कार्यालय लाया गया, जहां उससे पूछताछ के साथ मामले में विभागीय कार्रवाई की जा रही है। अब जांच का अहम बिंदु यह है कि जंगली सूअर का शिकार कहां और किस तरीके से किया गया तथा मौके से फरार हुए लोग कौन-कौन थे। वन विभाग की कार्रवाई के बाद शिकार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है।




