मदरसा शेर-ए-मुस्तफा में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस

मदरसा शेर-ए-मुस्तफा में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम गोरा स्थित मदरसा शेर-ए-मुस्तफा में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य शमशुल खान एवं मुफ्ती समीउल्लाह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके बाद मदरसे से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण और ग्रामीणों समेत करीब 300 से 400 लोग शामिल हुए। तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर वापस मदरसे पहुंची। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, कव्वाली और नृत्य प्रस्तुत किए गए। मुफ्ती समीउल्लाह ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। उस्मान, सर्वेन्द्र ठाकुर और मेहराज ने भी विचार रखे। अंत में विजेता छात्रों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर मिठाई वितरित की गई।




