पेड़ से टकराया आलू लदा ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम

पेड़ से टकराया आलू लदा ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम
पूरनपुर/पीलीभीत। बदायूं से आलू लादकर लखीमपुर खीरी जा रहा एक ट्रक बुधवार खुटार-बंडा रोड पर संत सुखदेव सिंह स्कूल, खमरिया के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराया। भीषण हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में खुटार-बंडा मार्ग से गुजर रहा था।खमरिया के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क से उतरकर सीधे एक बड़े पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान नसीम अंसारी पुत्र अमीन अंसारी, निवासी राणा प्रताप नगर, तहसील पूरनपुर, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई। वह लंबे समय से ट्रक चालक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सद्दुरुननीशा, पिता अमीन अंसारी, माता सायरा बानो तथा दोनों पुत्र सुहेल (28 वर्ष) और फैज अहमद (25 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि नसीम मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार की जिम्मेदारी निभाते थे और उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार, चालक को झपकी आने या वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मृतक के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर



