कलीनगर में रजिस्ट्री दफ्तर का किया शुभारंभ, 169 गांवों को मिली बड़ी राहत,अब पूरनपुर के नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर

कलीनगर में रजिस्ट्री दफ्तर का किया शुभारंभ, 169 गांवों को मिली बड़ी राहत,अब पूरनपुर के नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर
पूरनपुर/पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार शुक्रवार को खत्म हो गया। कलीनगर में उप-निबंधन कार्यालय का शुभारंभ विधायक बाबूराम पासवान और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह ने वर्चुअल माध्यम से स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल की मौजूदगी में किया। कार्यालय शुरू होने से तहसील क्षेत्र के 169 राजस्व गांवों के लोगों को जमीन की रजिस्ट्री और अन्य निबंधन संबंधी कार्यों के लिए अब पूरनपुर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से ग्रामीणों, वादकारियों और अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह ने कहा कि कलीनगर में रजिस्ट्री कार्यालय खुलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कुछ दिन पहले सम्मान समारोह में अधिवक्ता संघ कलीनगर ने उप-निबंधन कार्यालय की मांग की थी। शासन स्तर पर इसकी पैरबी की गई। इससे 169 राजस्व गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कलीनगर को तहसील का दर्जा मिले दस वर्ष बीत चुके थे, लेकिन उप-निबंधन कार्यालय नहीं होने के कारण लोगों को जमीन की खरीद-फरोख्त और अन्य निबंधन संबंधी कार्यों के लिए पूरनपुर के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। तहसील भवन बनने के बावजूद रजिस्ट्री कार्यालय की सुविधा नहीं मिलने से लंबे समय से क्षेत्रवासी इसकी मांग उठा रहे थे। कलीनगर की पूर्व चेयरमैन अनीता कैलाश सक्सेना के पुत्र एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष नवनीत सक्सेना के साथ अधिवक्ता संघ कलीनगर ने कार्यालय खुलवाने के लिए शासन स्तर पर पैरवी की थी। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पूर्णेन्द्र शर्मा एडवोकेट ने कार्यालय शुरू होने पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और इसके लिए प्रयास करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों से अधिवक्ता हॉल बनवाने की मांग भी की। जयसिंह यादव ने कलीनगर में अस्पताल खुलने की मांग उठाई। कलीनगर के उप-निबंधक का दायित्व विजय कुमार सिंह को सौंपा गया है। कार्यालय में पहली रजिस्ट्री टांडा छत्रपति निवासी प्रकाश नारायण की हुई। इसे कार्यालय की औपचारिक शुरुआत के रूप में देखा गया। कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े काम स्थानीय स्तर पर हो सकेंगे और लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश भारती, पूर्व चेयरमैन सुनील कटियार, नवनीत सक्सेना,पवन जायसवाल, डाक्टर रामबहादुर शर्मा, शांति स्वरुप वर्मा, भाजपा जिला मंत्री सृष्टि गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, भगवती सिंह, अजय सिंह, अवधेश जायसवाल, तेजराम पासवान, शिवम जायसवाल, अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयदेव पासवान, पूर्व अध्यक्ष बीके पासवान, कोषाध्यक्ष जयपाल सिंह यादव, विष्णुकांत यादव, एमजेड खान, प्रशांत सिंह, राजेश सिंह, प्रिंस कुमार, मनोज मिश्रा, अनुज पांडेय, विजय कुमार, वसीम खान, हरीश बाबू, धर्मपाल वर्मा, दोदराज कुशवाह, संदीप जायसवाल और धीरज शर्मा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने उप-निबंधन कार्यालय शुरू होने को कलीनगर क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।




