हरियाणा सड़क हादसे पर केंद्रीय मंत्री का मानवीय सरोकार, घायलों के इलाज से अंतिम संस्कार तक कराई व्यवस्था

हरियाणा सड़क हादसे पर केंद्रीय मंत्री का मानवीय सरोकार, घायलों के इलाज से अंतिम संस्कार तक कराई व्यवस्था
घायलों के बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई निदेशक से की बात, शवों को पीलीभीत लाने को कराई सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था
पीलीभीत। थाना दियोरिया क्षेत्र के गांव बड़ेपुरा कुसमा निवासी पांच मजदूरों की हरियाणा में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत एवं कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीलीभीत के जिलाधिकारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि हादसे से प्रभावित किसी भी परिवार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन द्वारा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने रोहतक पीजीआई में भर्ती हादसे के गंभीर घायलों के बेहतर और समुचित उपचार के लिए वहां के निदेशक से भी बातचीत की। उन्होंने घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहने देने का आग्रह किया।इसके साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा मृतक मजदूरों के शवों को पीलीभीत लाने के लिए सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई है। श्री प्रसाद ने प्रशासन को यह भी निर्देश दिए कि मृतक मजदूरों के अंतिम संस्कार के दौरान उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण प्रशासन को विशेष संवेदनशीलता के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए।किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद के निर्देश पर मृतक मजदूर भाइयों का सुबह ही शीघ्र पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शवों को तीन एंबुलेंस के माध्यम से पीलीभीत के लिए रवाना कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे तक शवों के पीलीभीत पहुंचने की संभावना है।हरियाणा में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे से गांव बड़ेपुरा कुसमा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में एक ही परिवार के लोगों की मौत और अन्य के गंभीर रूप से घायल होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासनिक स्तर पर पीड़ित परिवारों की सहायता और अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।




